[ad_1]
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन
– फोटो : twitter.com/SecBlinken
विस्तार
इस्राइल और हमास के बीच बीते तीन सप्ताह से अधिक समय से जंग जारी है। कई देशों ने इसे बंद करने का आह्वान किया है। इस बीच, रविवार को अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने बिना किसी पूर्व योजना के इराक का दौरा किया। उन्होंने इराक के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी के साथ चर्चा की। इस दौरान दोनों के बीच इस्राइल-हमास संघर्ष को रोकने की आवश्यकता के बारे में चर्चा हुई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बगदाद में अल-सुदानी के साथ ब्लिंकन की मुलाकात एक घंटे से ज्यादा समय तक चली। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने दोनों की मुलाकात को लेकर एक बयान भी जारी किया है। इसमें कहा गया कि दोनों नेताओं ने इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष और इराक सहित संघर्ष को फैलने से रोकने की जरूरत पर चर्चा की।
इस बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अल-सुदानी के साथ उनकी चर्चा अच्छी और सार्थक रही। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिकी कर्मियों के खिलाफ ईरान समर्थित मिलिशिया के हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं।
इस दौरान उन्होंने गाजा के हालत पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि लड़ाई में मानवीय विराम पर बातचीत की एक प्रक्रिया है, लेकिन अमेरिका और इस्राइल इन विराम की बारीकियों, व्यावहारिकताओं के लिए रविवार को बैठक कर रहेंगे।
विदेश विभाग के अनुसार, ब्लिंकन ने गाजा में मानवीय स्थिति और भोजन, पानी, चिकित्सा देखभाल और आवश्यक अन्य सहायता की निरंतर और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए इराक और क्षेत्र में हमारे अन्य भागीदारों के साथ समन्वय करने के लिए वाशिंगटन की निरंतर प्रतिबद्धता पर चर्चा की। इस दौरान दोनों नेताओं ने यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की कि फलस्तीनियों को गाजा के बाहर जबरन विस्थापित नहीं किया जाए।
इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री ने इराक में अमेरिकी दूतावास का भी दौरा किया। यहां उन्होंने अमेरिकी सुविधाओं पर खतरे के बारे में सुरक्षा ब्रीफिंग प्राप्त की।
गौरतलब है कि सात अक्तूबर को हमास के हमले के बाद ईरान समर्थित समूहों ने इराक और सीरिया में अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाकर हमले बढ़ा दिए हैं। इसी संदर्भ में ब्लिंकन ने कहा कि हमें इस संघर्ष को बढ़ने से रोकने की आवश्यकता है। इससे पहले, ब्लिंकन ने रविवार को अचानक इस्राइल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक पहुंचे थे। उच्चस्तरीय सुरक्षा के बीच उनका यह औचक दौरा चर्चा का केंद्र बना हुआ है। इस दौरान उन्होंने फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से मुलाकात की। यहां सात अक्तूबर से गाजा में इस्राइल-हमास युद्ध की वजह से हालात बिगड़ गए थे। युद्ध शुरू होने के बाद से ब्लिंकन ने इस्राइल का दौरा किया था। हालांकि, वेस्ट बैंक की यह उनकी पहली यात्रा थी।
बता दें कि गाजा में स्थिति अस्थिर बनी हुई है, इस्राइल बंधकों की रिहाई के लिए दबाव बना रहा है। नेतन्याहू की सरकार तत्काल युद्धविराम के आह्वान को लगातार खारिज कर रही है। इसी बीच गाजा पर इस्राइल की भारी बमबारी तेज हो गई है।पिछले 24 घंटों में तीन शरणार्थी शिविरों पर कथित तौर पर इस्राइली हमलों में 50 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। 7 अक्तूबर से शुरू हुए हिंसक संघर्ष के बाद गाजा पर इस्राइल हमलों में कम से कम 9,770 फलस्तीनी मारे गए हैं। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इस्राइल में 1,400 से अधिक लोग मारे गए हैं।
[ad_2]
Source link
