Spread the love

[ad_1]

12:11 PM, 22-Nov-2023

मंच पर पहुंचे अखिलेश यादव,  50 लोगों का सम्मान

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अखिलेश यादव मंच पर पहुंचे हैं। उन्होंने मंच पर उपस्थित 50 बुजुर्गों का सम्मान किया। इसके बाद राम आसरे कुशवाहा और जय शंकर पांडेय की किताब का विमोचन किया। इसके बाद राजपाल कश्यप ने उनको चित्र भेंट किया है। 

12:00 PM, 22-Nov-2023

हे नेता जी तुम हो दीनानाथ…

मंच पर सपा कार्यकर्ता गीत प्रस्तुत करके नेता जी और अखिलेश की उपलब्धियां गिना रहे हैं। पूर्व एमएलसी काशीनाथ ने गीत गाया, हे! नेता जी तुम हो दीनानाथ। इससे पहले इटावा के मोहम्मद अफसर समेत कई ने गीत प्रस्तुत किए।

11:45 AM, 22-Nov-2023

मुलायम सिंह यादव का अंत्येष्टि स्थल फूलों से सजाया

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों ने नेताजी मुलायम सिंह यादव के अंत्येष्टि स्थल को फूलों से सजाया है। उसके साथ-साथ मंच को भी फूलों से सजाया गया है, कई जगह नेताजी मुलायम सिंह यादव की जनसभा संबोधित करते हुए भी फोटो लगाई गई है।

 

11:37 AM, 22-Nov-2023

छह एसओ और 25 दरोगाओं की लगी ड्यूटी

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए छह थानों के एसओ, 200 हेड कांस्टेबल, सिपाही तथा 70 पीएसी के जवान लगाए गए हैं। वहीं सभी बैरिकेडिंग पर यातायात सिपाही भी तैनात रहेंगे। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ी भी लगाई गई हैं। एसओ सैफई मोहम्मद कामिल ने बताया कि मैनपुरी-इटावा हाईवे सुचारू रूप से चलता रहेगा। इस पर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए भी फोर्स तैनात किया गया है।

11:27 AM, 22-Nov-2023

एलईडी पर दिखेगा नजारा, लगी बैरिकेडिंग

समारोह का आयोजन ज्यादा से ज्यादा लोगों को दिखाने के लिए चार अलग-अलग जगहों पर एलईडी लगाई गई हैं। इटावा व मैनपुरी से आने वाले वाहनों को चंदगी राम स्टेडियम में रोका जाएगा। वहीं, चंदगीराम स्टेडियम के पास बैरिकेडिंग लगाई गई है। पीजीआई चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाई गई है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के टिमरुआ कट रास्ते से आने वाले वाहनों को रोकने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आवास के पहले बैरिकेडिंग लगाई गई है। यहां सभी को रोक दिया जाएगा।

11:24 AM, 22-Nov-2023

इस तरह होगा स्मारक

स्मारक की रूपरेखा में लोककला की झलक और गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएगा। म्यूजियम में जमीन से जुड़े हुए भारत के गौरव, महान राजनीतिज्ञ नेताजी की सादगी और गुणवत्ता की भी झलक देखने को मिलेगी। स्मारक का स्वरूप वर्गाकार होगा। इसमें दर्शनीय लैंडस्केप होंगे। चारों तरफ एक लंबी दीर्घा का प्रबंध किया गया है। इससे अंत्येष्टि स्थल तक पहुंचा जा सकता है। 

स्मारक 8.3 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। प्रवेश द्वार से अंत्येष्टि तक पहुंचने के लिए लैंडस्केप की श्रृंखला, चौक और प्रांगण होंगे। दोनों तरफ रम्य स्तंभों की योजना है। इससे दर्शकों को एक सुखद शांतिमय वातावरण की अनुभूति हो। इसके पार्श्व में एक दृश्यावली, मध्य में एक स्मृति सभागार होगा, जिसमें नेताजी की एक कांसे की भव्य प्रतिमा होगी। सभागार तक आवागमन के लिए चारों तरफ घास के मैदान होंगे। स्मृति सभागार में नेताजी की भव्य प्रतिमा लगाई जाएगी। उनसे जुड़ी चीजों और तस्वीरों का संग्रह किया जाएगा। स्मारक के निर्माण कार्य नेताजी के नाम से बनाए गए ट्रस्ट के माध्यम से किए जाएंगे।

11:19 AM, 22-Nov-2023

देशभर से सपा नेता और कार्यकर्ताओं के आने की उम्मीद

सपा संस्थापक नेताजी मुलायम सिंह यादव की जयंती पर बुधवार को उनके नाम पर बनाए जा रहे स्मारक का शिलान्यास किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने पूरे परिवार के साथ इसकी नींव रखेंगे। शिलान्यास के अवसर पर देशभर से सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के आने की उम्मीद है। 10 अक्तूबर 2022 को नेताजी के निधन के बाद अंत्येष्टि के दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उनके परिवार ने नेताजी के नाम पर सैफई में स्मारक बनवाने का निर्णय लिया था।

11:16 AM, 22-Nov-2023

अखिलेश यादव के आने का इंतजार

मंच पर शिवपाल सिंह यादव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व मंत्री रामसेवक यादव समेत तमाम अतिथि पहुंचे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का इंतजार किया जा रहा है। कुछ देर में अखिलेश यादव मैनपुरी सांसद डिंपल यादव के साथ पहुंचेंगे। मंच पर 50 बुजुर्गों का स्वागत किया जाएगा।

11:15 AM, 22-Nov-2023

नेताजी की होर्डिंग और पोस्टर लगाए

महोत्सव ग्राउंड पर बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। मीडिया के लिए अलग जगह बनाई है। पूरा महोत्सव ग्राउंड समाजवादी झंडों से सजाया गया है। चारों तरफ नेताजी की होर्डिंग और पोस्टर लगाए गए हैं। सपा राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा।

11:13 AM, 22-Nov-2023

मंच पर बैठ सकेंगे 200 से ज्यादा लोग

स्मारक के शिलान्यास कार्यक्रम में इटावा, मैनपुरी, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, फिरोजाबाद, सहित प्रदेश के अलावा देश भर से करीब 50 हजार से ज्यादा लोगों की आने की संभावना है। जिसको लेकर भव्य तैयारियां की गईं हैं। नेताजी की समाधि स्थल के पास एक पक्का मंच बनाया गया है। मंच पर एक साथ 200 से अधिक लोग बैठ सकेंगे। 

11:09 AM, 22-Nov-2023

स्मारक बनाने का लिया था निर्णय

मालूम हो कि नेताजी की अन्तयेष्टि सैफई महोत्सव ग्राउंड में की गई थी। उस समय सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पारिवारिक सदस्यों के साथ बैठक करके स्मारक बनाने का निर्णय लिया था। जिसकी रूपरेखा बनाकर अब तैयार हो गई है और आज जहां सैफई में प्रदेश स्तर का कार्यक्रम किया जाएगा। यहां देश भर के लोग शामिल होने के लिए आएंगे।

11:02 AM, 22-Nov-2023

Mulayam Singh Yadav Birthday: मंच पर पहुंचे अखिलेश, 50 बुजुर्गों का किया सम्मान, स्मारक का करेंगे शिलान्यास

समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व रक्षा मंत्री नेताजी मुलायम सिंह यादव के 85वें जन्मदिवस पर आज सुबह 8 बजे सपा मुखिया अखिलेश यादव परिजनों के सात समाधि स्थल पर पहुंचे जहां शांति यज्ञ पाठ करने के बाद वापस सैफई स्थित आवास पर चले गए। कुछ देर में शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आएंगे।

सैफई में समाधि स्थल पर भव्य स्मारक के शिलान्यास को लेकर भव्य तैयारियां का मंगलवार की शाम अंतिम रूप दिया गया। जिसका शिलान्यास सपा प्रमुख अखिलेश यादव पारिवारिक एवं सपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ करेंगे। शिलान्यास के मौके पर देश भर के जिम्मेदार समाजवादी लोग सैफई आएंगे। 

[ad_2]

Source link

Umesh Solanki

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed