
रिपोर्टर सर्वेश सिंह, कटनी। राहुल बिहारी गैंग की गतिविधियां अभी भी थमी नहीं है। गत रात्रि भी राहुल बिहारी गैंग के करीबी माने जाने वाले एक युवक ने माधव नगर में जमकर उत्पात मचाया। इस बीच बिहारी गैंग के गुर्गों का विवाद कुछ युवकों से हो गया। दो पक्षों के बीच मारपीट हुई जिसमें बिहारी गैंग के गुर्गे की अस्पताल में मौत हो गई जबकि दूसरे पक्ष का एक अन्य युवक अस्पताल में मौत से संघर्ष कर रहा है। घटना के दूसरे दिन शनिवार को माधवनगर स्थित टांगा स्टैंड पर मृतक के शव को लेकर परिजन पहुंचे, जहां पर पुलिस की समझाइस के बाद सभी लोग एफआईआर दर्ज कराने थाने चले गए।
यह हुई घटना
स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक विनय एवं बिहारी गैंग का करीबी कहा जाने वाला रोहित चंचलानी नामक युवक अपने कुछ साथियों के साथ माधवनगर मुख्यबाजार में लोगों को डरा धमका कर शराब पीने के लिए रूपयों की मांग कर रहा था। रोहित चंचलानी, रवि बजाज और गुल्ली उर्फ गुरविंदर जब लोगों से अवैध वसूली करने का प्रयास कर रहे थे इस दौरान वहां पर मौजूद आकु उर्फ आकाश पोपटानी ने इसका विरोध किया। बताया जाता है कि रोहित चंचलानी और आकाश पोपटानी के बीच विवाद होने लगा। विवाद बढ़ा तो दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे के ऊपर हमला कर दिया। विवाद बढ़ता देख आसपास मौजूद लोगों का आक्रोश भड़क गया और उन्होंने रोहित चंचलानी एवं उसके साथियों को बेरहमी से पीट दिया। घटना के बाद घायल रोहित चंचलानी एवं आकाश पोपटानी को जिला अस्पताल भिजवाया गया। रोहित की हालत नाजुक होने के कारण उसे तुरंत जबलपुर रेफर कर दिया गया। माधव नगर पुलिस ने प्राथमिक कार्यवाही करते हुए आकाश की शिकायत के आधार पर रोहित एवं उसके साथियों के खिलाफ गुंडागर्दी रंगदारी वसूलने एवं मारपीट से संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया। शनिवार सुबह जबलपुर में इलाजरत राहुल बिहारी गैंग के करीबी रोहित चंचलानी की मौत हो गई।

नजर आया बिहारी और विनय गठबंधन
रोहित की मौत के बाद जब उसका शव लेकर परिजन माधव नगर टांगा स्टैंड पहुंचे तो वहां पर विनय वीरवानी के पिता ने मोर्चा संभाला। चंचलानी के परिजनों को दिलासा देते हुए विनय विरवानी के पिता भी कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने का आश्वासन देते नजर आए। इस घटना ने एक बार फिर विनय और बिहार के बीच गठजोड़ को पूरी तरह उजागर कर दिया है। पुलिस द्वारा समझाए दिए जाने के बाद मृतक के परिजन माधव नगर थाने पहुंचे जहां पर उन्होंने दूसरे पक्ष के आकाश पोपटानी एवं उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि संघर्ष में घायल हुए आकाश की हालत भी ठीक नहीं है। इस घटना ने एक बार फिर माधव नगर क्षेत्र में फैले अपराध की जड़ों को उजागर कर दिया है। तस्वीरों में लाल घेरे में मौजूद मृतक के परिजनों को दिलासा देते विनय वीरवानी के पिता को स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है। यह घटना आगे और क्या रूप लेगी इसे लेकर भी चर्चाओं का बाजार सरगर्म हो गया है।