
अग्रसेन पब्लिक हाई स्कूल धनोरा दुर्ग द्वारा अपना वार्षिकोत्सव ‘UTKARSH’ 2025-26 दिनांक 16 दिसंबर 2025 को विद्यालय परिसर में मनाया गया। वार्षिकोत्सव का शुभारंभ ग्राम धनोरा की सरपंच श्रीमती रूलेश्वरी बंजारे, अग्रसेन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन श्री राजेंद्र कुमार अग्रवाल एवं संचालिका डॉ. श्रीमती मंजुलता अग्रवाल द्वारा सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय की शिक्षिकाओं ने छत्तीसगढ़ के राज्यगीत की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा 10वीं की छात्राओं द्वारा गणेश वंदना के साथ किया गया। इसके बाद बाल कलाकारो ने पिता व बच्चों के बीच स्नेह भाव को गीत व नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत करते हुये पुराने एवं नयी गीतों से अपनी अपनी प्रस्तुति दी। इसके अलावा भारतीय संस्कृति की सत्यता को दर्शाते हुये माता काली और रक्तबीज के मध्य तांडव नृत्य, नाटक मिशन सिंदूर और हमारी धरोहर छत्तीसगढ़ी नृत्य की प्रस्तुति ने दर्शको को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। साथ ही साथ बच्चों भारत के विभिन्न राज्यों को दर्शाते हुये राजस्थानी, गुजराती, तेलुगू, पंजाबी जैसे गानों पर शानदार प्रस्तुति देकर अभिभावको का मन मोह लिया।
वार्षिकोत्सव की मुख्य अतिथि श्रीमती स्नेहा गिरपुंजे, डीएसपी, पुलिस एकेडमी रायपुर ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी। संस्था के चेयरमैन द्वारा अतिथियों का शॉल, पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह द्वारा स्वागत किया गया। अग्रसेन पब्लिक हाई स्कूल धनोरा की प्राचार्या श्रीमती शिवानी वर्मा ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट एवं भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा व्यक्त की।
अतिथियों एवं विद्यालय के पदाधिकारियों द्वारा कक्षा के मेरिट छात्रों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। अग्रसेन ग्रुप के चेयरमैन श्री राजेंद्र कुमार अग्रवाल द्वारा सभी को आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही विद्यालय में कार्यरत समस्त शिक्षिकाओं एवं गैर शैक्षणिक स्टाफ का स्मृति चिह्न एवं उपहार देकर सम्मान किया गया। वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में अग्रसेन ग्रुप के अतिरिक्त संचालक श्रीकांत दासगुप्ता, अग्रसेन प्रा आईटीआई भिलाई के प्राचार्य अश्वनी गौर, अग्रसेन प्रा आईटीआई धनोरा के प्राचार्य थानेंद्र राहंगडाले, अग्रसेन पब्लिक हाई स्कूल कोहका की प्राचार्या प्रीति नारखेडे एवं अन्य स्टाफ अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।