
भिलाई,
प्रसिद्ध कथावाचक एवं बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के काफिले के साथ भिलाई में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब अचानक एक भक्त काफिले के सामने आ गया, जिससे वाहनों का संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम स्थल से रवाना होते समय एक युवक, जो स्वयं को शास्त्री जी का भक्त बता रहा था, अचानक गाड़ियों के सामने दौड़ पड़ा। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने तेज ब्रेक लगाया, जिससे पीछे चल रही गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं। हादसे में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की डिफेंडर गाड़ी सहित काफिले की दो इनोवा कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि टक्कर अधिक तेज नहीं थी, इसलिए किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
इस दुर्घटना के समय डिफेंडर वाहन में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री स्वयं सवार थे, जबकि काफिले की अन्य गाड़ियों में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय भी मौजूद थीं। राहत की बात यह रही कि शास्त्री जी, सरोज पाण्डेय सहित काफिले में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हादसे के बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भक्तों से अपील की कि वे इस तरह अचानक काफिले के सामने न आएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।